कटड़ा। मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए उपमंडल प्रशासन ने एसडीएम कार्यालय परिसर में मानसून आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम स्थापित किया है। इसके संचालन के लिए छह अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तीन शिफ्टों में तैनाती कर दी है।
एसडीएम कटड़ा की तरफ से जारी आदेश के अनुसार कंट्रोल रूम 24 घंटे कार्यरत रहेगा और भारी वर्षा, जलभराव, फ्लैश फ्लड, भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने, बिजली एवं पेयजल आपूर्ति बाधित होने, सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को हुए नुकसान सहित मानसून से जुड़ी किसी भी आपात स्थिति की सूचना प्राप्त कर संबंधित विभागों तक तुरंत पहुंचाएगा।
तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी निर्धारित ड्यूटी के दौरान समय पर उपस्थित रहें। कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली सभी कॉलों को गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ सुनें तथा प्रत्येक सूचना का उचित रिकॉर्ड (लॉग/रजिस्टर) बनाए रखें। किसी भी आपात सूचना को बिना देरी संबंधित विभाग तक पहुंचाकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति या सूचना के लिए कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01991-295681 पर संपर्क करें।