किश्तवाड़। डीसी अशोक कुमार शर्मा ने शनिवार को पाडर सब डिवीजन का दौरा कर कोविड-19 की तैयारियों और रसद का जायजा लिया।
इससे पहले उन्होंने पीएचसी कीरु का निरीक्षण कर कर्मचारियों की उपस्थिति का भी जायजा लिया। वहीं, कर्मचारियों को टीकाकरण, परीक्षण और लोगों में जागरूक करने के निर्देश दिए। पाडर पुहंचते ही उन्होंने अठोली में कोविद केयर सेंटर में सुविधाओं और लॉजिस्टिक्स का जायजा लिया। कोविड के चलते देखभाल और सुविधा के लिए उन्होंने एसडीएम पाडर को केंद्र को तैयार रखने के लिए कहा। बीएमओ को कोविड टीकाकरण के लिए सभी पात्र व्यक्तियों को पंजीकृत करने दैनिक परीक्षण दर बढ़ाने पर जोर दिया।
अठोली में निर्माणाधीन 100 बिस्तर वाले अस्पताल की स्थिति की समीक्षा की और एसडीएम को साप्ताहिक आधार पर काम की निगरानी करने के अलावा लॉकडाउन के दौरान निष्पादन एजेंसी की किसी भी सामग्री और रसद आवश्यकता को सुविधाजनक बनाने के निर्देश दिए। एसडीएम और तहसीलदार को विभिन्न सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों की समय की पाबंदी की जांच करने और सुबह साढ़े दस बजे से पहले सबडिवीजन के कार्यालयों की दैनिक उपस्थिति रिपोर्ट भेजने को कहा। इस मौके पर एसडीएम पाडर वरुणजीत चाढ़क, कृषि अधिकारी सतीश भगत, तहसीलदार पाडर मेजर सिंह आदि मौजूद रहे।