रियासी। सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत पुलिस ने दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों के विभिन्न विद्यालयों के 88 छात्रों को एक सप्ताह के भारत दर्शन के लिए रवाना किया। दल के साथ पांच कार्यवाहक हैं, जिनमें इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह और पीएसआई पद्मिनी शामिल हैं।
जिला पुलिस लाइन पर छात्रों से बातचीत करते हुए एसएसपी परमवीर सिंह ने ज्ञान का विस्तार करने, देश की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता को समझने और एकता, शांति व भाईचारे के मूल्यों को आत्मसात करने के अनूठे अवसर का भरपूर लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दौरे का उद्देश्य युवाओं को भारत के इतिहास, विरासत, विकास और आधुनिक संस्थानों से परिचित कराना है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़े और समग्र व्यक्तित्व विकास में योगदान मिले।
जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा टूर में हवाई यात्रा, भोजन, आवास, एसी परिवहन सहित सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। दौरे के दौरान छात्र नई दिल्ली और चेन्नई जाएंगे,जहां वे ऐतिहासिक स्मारकों, प्रमुख शिक्षण संस्थानों, प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों और प्रमुख औद्योगिक इकाइयों का भ्रमण करेंगे। प्रत्येक प्रतिभागी को यात्रा के दौरान आराम और एकरूपता सुनिश्चित करने के लिए ट्रैकसूट, जूते, टोपी और कैरी बैग सहित संपूर्ण टूर किट प्रदान की गई है।
यहां अतिरिक्त एसपी मुख्यालय इफ्तिखार अहमद, डीएसपी मुख्यालय विशाल सिंह जमवाल, डीएसपी डीएआर सरबजीत सिंह और एसएचओ ख्यातिमान खजूरिया मौजूद रहे।