उधमपुर/चिनैनी/रामनगर/ पंचैरी। जश्न-ए-आजादी का 73वां स्वतंत्रता दिवस समारोह वीरवार को पीजी कालेज के मैदान में हर्ष व उल्लास के साथ मनाया गया। छात्र, छात्राओं व जवानों ने शानदार परेड के साथ मुख्य मेहमान जिला विकास आयुक्त डा. पीयूष सिंगला को सलामी दी। परेड व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों व जवानों का उत्साह देखते ही बनता था। इसके अलावा चिनैनी, रामनगर और पंचैरी में भी आयोजन हुआ।
तिरंगा फहराने के बाद समारोह को संबोधित करते हुए डीडीसी डा. सिंगला ने सबसे पहले सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। इसके बाद देश की आजादी के लिए जान की कुर्बानी देने वाले बहादुरों को याद किया। उन्होंने कहा कि आजादी के लिए संघर्ष करने वाले शहीदों को देश कभी भूल नहीं सकता है। उन्होंने सभी से कहा कि इस आजादी की कद्र करते हुए ईमानदारी और सच्चाई के साथ राष्ट्र की सेवा करें। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के दिशा निर्देश में पूरे राज्य में लोगों को पानी, बिजली, सड़क व अन्य कई प्रकार की सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। राज्यपाल के राज में उधमपुर जिला भी विकास की तरफ बढ़ रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य, आरडीडी, कृषि, समाज कल्याण विभाग व अन्य सरकारी विभागों की उपलब्धियों को सबके सामने रखा। इसके अलावा प्रशासन की तरफ से चलाए गए विशेष अभियान बैक-टू-स्कूल, जीने दो, नशा मुक्ति के बारे में भी जानकारी दी। इसके अलावा लोगों का लोकसभा चुनाव में बहुत ज्यादा संख्या में मतदान करने व अमरनाथ यात्रा में सहयोग करने पर धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने शहरवासियों को जिले में चल रही देविका प्रोजेक्ट, मेडिकल कालेज, सालिड वेस्ट मैनेजमेंट और अन्य योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
भाषण के बाद सीआरपीएफ, पुलिस, एनसीसी, होम गार्ड, स्कूल, कालेज के छात्र व छात्राओं के करीब 35 टुकड़ियों ने मुख्य मेहमान को शानदार परेड कर सलामी दी। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति से प्रेरित कार्यक्रमों के माध्यम से बताया कि देश को अंग्रेजों की गुलामी से आजादी करवाने के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा था। परेड में विद्यार्थियों का एक दल ऐसा था, जोकि मजबूरी में स्कूल छोड़ चुके थे और प्रशासन ने शिक्षा विभाग की मदद से विद्यार्थियों को वापस पहुंचाया गया। अंत में विद्यार्थियों को ट्राफी व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर डीआईजी उधमपुर-रियासी रेंज सुजीत सिंह, एसएसपी राजीव ओम प्रकाश पांडे, एडीडीसी अशोक कुमार, एडीसी डा. गुरविंद्रजीत सिंह व अन्य अधिकारी मौजूद थे।
चिनैनी, रामनगर में भी आयोजन
चिनैनी में स्वतंत्रता दिवस समारोह हायर सेकेंडरी स्कूल चिनैनी में आयोजित हुआ, जिसमें एसडीएम अब्दुल सत्तार ने परेड की सलामी ली और सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। इसके बाद विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया। रामनगर में हायर सेकेंडरी स्कूल में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। एसडीएम मोहम्मद फारूक काजी ने परेड की सलामी ली और फिर विद्यार्थियों ने सांस्कृति कार्यक्रम पेश कर स्वतंत्रता दिवस के महत्व के बारे में बताया। हायर सेकेंडरी स्कूल पंचैरी में आयोजित कार्यक्रम में तहसीलदार रामपाल पाल शर्मा ने परेड की सलामी ली।