नगर परिषद के चेतावनी देने के बाद भी शहर के विभिन्न हिस्सों से बुधवार को न तो रेहड़ियां हटी हैं और न ही फड़ी वालों ने अपना सामान हटाया है। रेहड़ी व फड़ी वालों को देख कर लग रहा है कि इनके मन में नगर परिषद की चेतावनी को लेकर कोई डर नहीं है। बुधवार को रोज की तरह ही गोल मार्केट, बस अड्डा, सिटी लाइट, कोर्ट रोड व अन्य कई स्थानों पर रेहड़ियां लगी रही और इनके कारण शहरवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मंगलवार को नगर परिषद ने एनाउंसमेंट कर रेहड़ियों और फड़ी वालों को चेतावनी दी थी कि गोल मार्केट, कोर्ट रोड, सलाथिया चौक, रामनगर चौक, बस अड्डा सहित आठ स्थानों को नो रेहड़ी जोन घोषित किया गया था और इस स्थान पर रेहड़ी लगाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी। सभी को कहा गया था कि जल्द से जल्द रेहड़ियों को खुद ही हटा दे।
रेहड़ियां न हटाने पर बुधवार से कार्रवाई की भी चेतावनी दी गई थी। लेकिन बुधवार को बाजार की हालत को लगा नहीं कि रेहड़ी व फड़ी वालों में चेतावनी को लेकर कोई डर था। सलाथिया चौक, कोर्ट रोड, रामनगर चौक मुखर्जी बाजार, सिटी लाइट व शहर के विभिन्न हिस्सों में रोज की तरह की रेहड़ियों की कतारें लगी हुई थी और इनके कारण लोगों को पैदल चलने के लिए भी स्थान नहीं मिल रहा था। इनके कारण यातायात भी लगातार प्रभावित हो रहा था।
कोर्ट रोड इलाके में तो प्रतिबंध के बावजूद तीन टायर रेहड़ी पर भी सामान बेचा जा रहा है। वहीं नगर परिषद की कोई भी टीम शहर के अंदर किसी तरह की कार्रवाई करती नजर नहीं आई। रेहड़ी वालों को भी यही कहना था कि नगर परिषद का चेतावनी देना कोई नई बात नहीं है। इसको लेकर नगर परिषद के सीईओ संजीव गंडोत्रा ने कहा कि नगर परिषद चेयरमैन के निर्देश मिलने पर सभी को चेतावनी दी गई। आठ स्थानों को नो रेहड़ी जोन बनाया गया है। जल्द नगर परिषद की टीम इसको लेकर कार्रवाई भी करेगी।