जम्मू। जिला जज की परीक्षा में संविधान, कानूनी नियमों की जानकारी के साथ ही अनुवाद भी करना होगा। जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट की ओर से इस परीक्षा का सिलेबस जारी किया गया है। परीक्षार्थी को आईपीसी के साथ ही राज्य में लागू अधिनियमों की जानकारी जरूरी होगी। इसमें आतंकी गतिविधियों, हथियारों से संबंधित अधिनियम और दंड प्रावधान शामिल हैं।
परीक्षा का सिलेबस हायर ज्यूडिशियल सर्विस रूल्स-2009 के अनुसार तैयार किया गया है। इसमें 80-80 अंकों के दो पेपर होंगे। प्रत्येक दो घंटे का होगा। हर पेपर में तीन हिस्से होंगे, जिनमें बराबर सवाल होंगे। हर पेपर में नौ सवाल करने होंगे। पेपरों में परीक्षार्थी को कोड ऑफ क्रिमिनल प्रोसीजर-1973, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023, जुवेनाइल जस्टिस (बच्चों की देखभाल और सुरक्षा) अधिनियम-2015, इंडियन एविडेंस एक्ट-1872 व भारतीय साक्ष्य अधिनियम-2023, राज्य में लागू दंड संबंधी कानून, जो हथियार, दुश्मन और आतंकी गतिविधियों से संबंधित हैं, जम्मू और कश्मीर नागरिक सेवा नियम, सामान्य वित्तीय नियम, भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम-1988 और एनडीपीएस आदि से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। ब्यूरो