उधमपुर। साइबर अपराधों से निपटने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयास में उधमपुर पुलिस साइबर सेल ने पांच अलग-अलग साइबर धोखाधड़ी मामलों में कुल 3,35,840 रुपये की राशि बरामद कर पीड़ितों को लौटाई। शिकायतें मिलने के बाद साइबर सेल ने त्वरित जांच शुरू की और धोखाधड़ी की गई राशि को वापस लाने के लिए तेजी से कार्रवाई की। इस दौरान मोहन लाल (मजालता) को 1,45,000, किरण देवी (जोफर, तहसील रामनगर) को 1,00,000, राकेश कुमार गुप्ता (चबूतरा बाजार) को 56,840, ओम प्रकाश (टिकरी) को 20,000 और भीम सिंह (मल्हार) को 14,000 रुपये लौटाए गए। पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध साइबर धोखाधड़ी की घटना की तुरंत रिपोर्ट करने की अपील की है। किसी भी साइबर फ्रॉड, संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन घोटाले की शिकायत करने के लिए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और साइबर सेल उधमपुर हेल्पलाइन नंबर 9103996429 पर संपर्क करें। संवाद