उधमपुर। महाशिवरात्रि और रमजान की तैयारियों के मद्देनजर जिला विकास आयुक्त के शहर दौरे के बाद नगर परिषद ने सैलां तालाब क्षेत्र में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। इस अभियान के तहत नगर परिषद की दुकानों के आगे अवैध रूप से लगी रेहड़ियों और फड़ियों को हटाया गया।
नगर परिषद के सीईओ राजेंद्र ढींगरा के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के दौरान सभी दुकानदारों और लाइसेंसधारी रेहड़ी-फड़ी वालों को सख्त चेतावनी दी गई कि वे अतिक्रमण न करें और निर्धारित सीमा में रहकर व्यापार करें। दुकानों के आगे अवैध रूप से बढ़ाए गए सामान को भी हटवाया गया। सीईओ ने स्पष्ट किया कि शहर में किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह अभियान आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए चलाया गया। उन्होंने बताया कि डीसी सलोनी राय ने भी सुबह शहर का दौरा कर लोगों से सड़कों को खुला रखने की अपील की थी। नगर परिषद ने सभी व्यापारियों और रेहड़ी-फड़ी वालों से अपील की है कि वे शहर को जाम मुक्त और व्यवस्थित रखने में प्रशासन का सहयोग करें। संवाद