किश्तवाड़। डीसी के आश्वासन के बाद अनशन पर बैठे पलाली के लोगों संघर्ष खत्म कर दिया है। वहीं, डीसी अशोक शर्मा ने फिर से उप जिला पाडर में गुलाबगढ़-पलाली-मचैल सड़क का काम शुरू करवा दिया है।
जानकारी के अनुसार पलाली गांव तक बनाने की मांग को लेकर महु में लोगों का अनशन जारी था। शनिवार दोपहर को डीसी मौके पर पहुंचे और पलाली तक संपर्क मार्ग बनाने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही रोके गए कार्य को फिर से शुरू कर दिया गया है।
इससे पहले स्थानीय निवासी गंगा राम ने बताया है कि मांग को लेकर भूखहड़ताल जारी है। शनिवार को पीएमजीएसवाई के एक्सईएन महेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया। बताया कि सड़क का निर्माण मचैल तक होना है, जिसमें 18 किलोमीटर गुलाबगढ़ से पलाली इलाके तक और फिर वहां से मचैल तक बननी है। पलाली गांव काफी उंचाई पर स्थित है, जहां के लिए संपर्क मार्ग बनाया जाएगा। मगर ग्रामीणों का कहना है कि जब यह सड़क पलाली गांव तक की है तो गांव के लिए ही बननी चाहिए, जहां से उसे मचैल के लिए ले जाया जा सकता है। एक्सईएन ने कहा कि जब तक मामला हल नहीं होगा तब तक काम नहीं किया जाएगा। इसके बाद डीसी ने भी दौरा कर लोगों की मांग को मानते हुए सड़क बनाने का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि इस सड़क का काम 2008 से शुरू है मगर बाधाओं के चलते यह प्रभावित होता रहा है। गत साल भी कई दिनों तक पलाली के ही लोगों ने काम रुकवाया था। कुछ दिन पहले उपायुक्त ने गलाबगढ़ में लोगों की शिकायत के बाद ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की थी।