उधमपुर। स्वास्थ्य विभाग की ओर से किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीसी) के खिलाफ विशेष टीकाकरण अभियान शुरू किया जा रहा है। प्रारंभिक चरण में 14-15 आयु वर्ग के बीच 5500 से 6000 बच्चियों को निशुल्क टीका लगाया जाएगा।
28 फरवरी से शुरू हो रहा टीकाकरण अभियान तीन महीने तक दैनिक आधार पर संचालित किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल मनहास ने बताया कि यह वैक्सीन सिर्फ महिलाओं के लिए है, क्योंकि उनमें सर्वाइकल कैंसर की शिकायतें ज्यादा देखी जा रही हैं।
शनिवार से सरकारी मेडिकल कॉलेज उधमपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिनैनी और उपजिला अस्पताल रामनगर में शिविर लगेंगे। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चियों को समय पर टीका लगवाएं।
दूसरे चरण में अधिक आयु वर्ग के लोग होंगे कवर: ह्यूमन पैपिलोमा वायरस गंभीर संक्रमण है, जो आगे चलकर सर्वाइकल कैंसर का कारण बन सकता है।
समय पर टीकाकरण से बीमारी से काफी हद तक बचाव संभव है। पहले चरण में सीमित आयु वर्ग को शामिल किया गया है लेकिन आने वाले समय में अन्य आयु वर्ग की महिलाओं के लिए वैक्सीन उपलब्ध करवाई जाएगी।