उधमपुर में रोके गए घाटी जाने वाले वाहन।
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। रामबन के रामसू में पस्सियां गिरने के बाद वाहनों की आवाजाही ठप रही। राष्ट्रीय राजमार्ग पर वीरवार को दूसरे दिन भी उधमपुर से घाटी की ओर जाने वाले वाहनों पर रोक लगी रही। शाम के समय रामबन से बनिहाल के बीच वाहनों को आगे जाने की अनुमति दी गई। दिनभर घाटी की ओर जाने वाले किसी भी छोटे बडे़ वाहन को जखैनी नाके से आगे जाने की अनुमति नहीं दिए जाने के कारण उन्हें जखैनी के पीछे ही रोककर रखा गया।
इसके चलते राजमार्ग पर उधमपुर के आसपास घाटी की ओर जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। इस दौरान डोडा किश्तवाड़ व भद्रवाह की ओर जाने वाले वाहनों को जाने की अनुमति दी गई। घाटी की ओर जाने वाले वाहनों पर लगाई गई रोक जारी रहने से इन वाहनों के यात्री आगे जाने की अनुमति मिलने का इंतजार करते रहे। इस दौरान यात्रियों सहित वाहन चालकों को मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी कई प्रकार की समस्याओं से भी दोचार होना पड़ा।
गौरतलब है कि रामबन क्षेत्र में बुधवार शाम को खराब मौसम के चलते हुई भारी बारिश के बाद विभिन्न हिस्सों पर पहाड़ों से पस्सियां गिरने व जवाहर टनल के आसपास ताजा हिमपात होने के कारण जम्मू कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया था। इसके बाद राहत कार्य शुरू कर राजमार्ग को सुचारु करने का कार्य शुरू किया गया। राजमार्ग पर गिरे मलबे की मात्रा अधिक होने के कारण चलाए गए राहत कार्य के बावजूद इसे दूसरे दिन भी दोपहर तक सुचारु नहीं किया जा सका। इसके कारण वीरवार को भी घाटी की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही पर लगाई गई रोक दिनभर जारी रही। वाहनों के रोके जाने के बाद उधमपुर व रामबन में सैकड़ों वाहन आसपास के क्षेत्रों में फंस गए। शाम के समय हाईवे बहला होने के बाद रामबन से बनिहाल के बीच फंसे वाहनों को छोड़ा गया।