करीब तीन महीने के बाद जिले में सोमवार का कोरोना संक्रमण का एक भी मामला सामने नहीं आया है। पूरे जम्मू-कश्मीर में उधमपुर एकमात्र ऐसा जिला रहा, जहां सोमवार को एक भी व्यक्ति कोरोना संक्रमित नहीं पाया गया है। इससे स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन बहुत ज्यादा राहत महसूस कर रहा है। इसके साथ कुल नौ लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं।
जून महीना शुरू होने के साथ ही जिले में कोरोना के मामलों में कमी होना शुरू हो गए गई थी। पहले हर रोज 20 से कम मामले सामने आ रहे थे तो जून के अंतिम सप्ताह तक इनकी संख्या 10 से कम हो गई थी। वहीं कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही थी। रविवार को जिले में कुल छह लोग कोरोना संक्रमित पाए गए और 15 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे।
सोमवार को जिले में एक भी संक्रमण का मामला सामने नहीं आया। शाम तक एक हजार से अधिक लोगों के कोरोना टेस्ट किए गए और एक भी व्यक्ति संक्रमित नहीं पाया गया। इसके साथ नौ लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। करीब तीन महीने के बाद एक दिन ऐसा निकला है, जिस दिन कोई भी व्यक्ति संक्रमित नहीं पाया गया।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 11197 हो गए हैं। इनमें से 10998 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। 131 की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में अब 68 सक्रिय मामले बचे हैं।