कटरा। वैष्णो देवी यात्रा के लिए कटड़ा से सांझी छत तक चलने वाली हेलिकॉप्टर सेवा बुधवार को भी प्रभावित रही। हालांकि सुबह तीन घंटे सुचारु संचालन के बाद त्रिकुटा पर्वत पर छाई सघन धुंध में सुरक्षा कारणों को देखते हुए सेवा ठप कर दी गई।
श्रद्धालु घोड़ा, पिट्ठू अथवा पालकी के विकल्पों के साथ यात्रा के लिए रवाना हुए। हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित होने से विशेषकर बुजुर्ग और अस्वस्थ तीर्थ यात्रियों को अत्यधिक कष्ट झेलना पड़ा। पूरे दिन बादलों की मौजूदगी और उमस भरी गर्मी ने श्रद्धालुओं की परेशानी को बढ़ा दिया।
विज्ञापन
स्थानीय प्रशासन ने तीर्थ यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले मौसम पूर्वानुमान जरूर जांचें और हेलिकॉप्टर सेवा की रियल टाइम स्थिति का जरूर पता करें। गौरतलब है कि जुलाई से सितंबर तक मानसून के दौरान हेलिकॉप्टर सेवा बार-बार बाधित होती रहती है, जिससे उड़ानों में देरी या पूर्ण रद्द जैसी स्थितियां बनती हैं।
इन चुनौतियों के बावजूद श्रद्धालुओं का जोश बरकरार है। अर्धकुंवारी के बाद सुहावना मौसम मिलते ही तीर्थ यात्रियों ने जय माता दी के जयघोष के साथ यात्रा जारी रखी।