चिनैनी। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिनैनी क्षेत्र के समरोली के पास पस्सी गिरने से वाहनों की आवाजाही करीब तीन घंटे बंद रही। इस दौरान हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी, जिस कारण वाहन चालकों और यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है।
जानकारी के अनुसार दोपहर एक बजे समरोली के पास हाईवे पर पस्सी गिरने से यातायात बंद हो गया। इस कारण करीब तीन घंटे तक वाहनों की आवाजाही नहीं हो पाई। सड़क निर्माण कंपनी ने काफी मशक्कत के बाद करीब चार बजे तक हाईवे को खोल कर यातायात को बहाल किया। इसके बाद चालकों और लोगों ने राहत की सांस ली। उधर, यातायात खुलते ही जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसे सामान्य करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। डीएसपी ट्रैफिक हिम्मत सिंह ने बताया कि हाईवे समरोली के पास बंद हुआ था, जिसे खोल दिया गया है।