उधमपुर। आखिर लंबे इंतजार के बाद जीएमसी में थायराइड, टार्च, विटामिन डी, ऑर्यन डिफेंसी और हेपेटाइटस की सभी जांचों के लिए हार्मोन्स टेस्टिंग मशीन पहुंच गई है। इसके चलते अब खासतौर पर गर्भवती महिलाओं को थायराइड व अन्य जांचों के लिए जम्मू नहीं जाना पड़ेगा।
गौरतलब है कि अस्पताल में इन जांचों की सुविधा न होने के चलते या तो मरीजों को प्राइवेट क्लीनिकों या फिर जीएमसी जम्मू जाना पड़ता था। इसके चलते उन्हें परेशानियों के साथ-साथ ज्यादा पैसे भी खर्च करने पड़ते थे। दो दिन में मशीन इंस्टाल भी हो जाएगी।
300 से 500 रुपये तक के टेस्ट होते हैं प्राइवेट अस्पताल में
यूं तो अस्पताल में रोजाना कम से कम 700 के करीब मरीज अपने स्वास्थ्य की जांच करवाने के लिए पहुंचते हैं। इनमें से 150 से 200 के करीब गर्भवती महिलाएं अपना चेकअप करवाने के लिए आती हैं। गौरतलब है कि जिला भर से गर्भवती महिलाएं इलाज के लिए इसी अस्पताल आती हैं। उनके प्रसव से पहले डाॅक्टर लगातार नौ महीने तक कई प्रकार के टेस्ट करवाते हैं। इनमें थायराइड, टार्च, विटामिन डी और ऑर्यन डिफेंसी जैसे टेस्ट होते हैं लेकिन अब हार्मोन्स टेस्टिंग मशीन के आने से 100 से 150 रुपये तक सभी टेस्ट अस्पताल में ही हो जाएंगे, जबकि बाहर प्राइवेट में 300 से 500 रुपये तक के टेस्ट होते हैं।
..........
अस्पताल में पहले थायराइड, टार्च, विटामिन डी, ऑर्यन डिफेंसी जैसे टेस्ट नहीं होते थे। अब हार्मोन्स टेस्टिंग मशीन अस्पताल में पहुंच गई है और दो दिन के अंदर कंपनी के कर्मचारी आकर मशीन को इंस्टाल कर देंगे। इसके चलते अब सभी प्रकार के जांचों की सुविधा अस्पताल में मिलना शुरू हो जाएगी।
-डॉ. मृत्युंजय गुप्ता प्रिंसिपल जीएमसी
फोटो सहित