उधमपुर। सोमवार को फिर से जिले में डेंगू के छह नए मामले सामने आने के बाद संक्रमित मरीजों की संख्या 300 पहुंच गई है।
हालांकि विभाग की ओर से लगातार लोगों को डेंगू से बचाव को लेकर टीमें जागरूक कर रही हैं। इतना ही नहीं, अब डेंगू अपने अंतिम पड़ाव में है लेकिन उसके बावजूद अभी भी डेंगू के मामले सामने आ रहे हैं। इतना जरूर है कि डेंगू के मामलों में धीरे-धीरे गिरावट होना शुरू हो गई है। अगर पिछले साल की तुलना में इस साल देखा जाए तो नवंबर के अंत तक 50 प्रतिशत से कम मामले सामने आए हैं।
एक बार फिर से सोमवार को जिले में डेंगू के छह नए मामले सामने आने से इनकी संख्या 300 पर पहुंच गई है। हालांकि विभाग की ओर से लगातार जीएमसी अस्पताल में डेंगू टेस्ट किए जा रहे हैं। मौजूदा समय तक जीएमसी में 2218 डेंगू के टेस्ट किए गए हैं, जिनमें से 300 मामले सामने आए हैं। वहीं सोमवार को नए डेंगू पॉजिटिव मामलों के चलते संक्रमित लोगों के घरों में विभाग की टीमों की ओर से फॉगिंग करने के साथ ही आसपास रहने वाले लोगों को भी डेंगू से बचाव को लेकर जागरूक किया गया।
इस संदर्भ में डीएमओ गोपाल दास का कहना था कि दो दिन बाद डेंगू के नए मामले सामने आने का मतलब है कि डेंगू अब धीमा पड़ गया है लेकिन अभी भी खतरा बरकरार है। इसके चलते विभाग पूरी तरह से सतर्कता बरत रहा है ताकि डेंगू के मामलों में वृद्धि न हो।