- आगरा के हैड कांस्टेबल अभिषेक शर्मा का चौथे दिन भी नहीं मिला सुराग, 26 मई की सुबह से लापता
उधमपुर। सीआरपीएफ की 137 बटालियन में तैनात आगरा के रहने वाले हेड कांस्टेबल अभिषेक शर्मा का चौथे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। हालांकि उनकी तलाश में उधमपुर पहुंचे परिजन भी निराश होकर लौट गए, लेकिन अभिषेक के दोस्तों और अन्य परिचित लोगों की मदद से उसकी तलाश जारी रखे हुए हैं।
गौरतलब है कि जखैनी स्थित 137 बटालियन में क्लर्क के रूप में तैनात हेड कांस्टेबल अभिषेक शर्मा 26 मई की सुबह से लापता है। गेट पर बाहर जाने की एंट्री करने के बाद उन्हें साढ़े 7 बजे एमएच चौक पर सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से देखा गया। इसके बाद से उनका फोन बंद आ रहा है। पुलिस थाना उधमपुर में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई और पुलिस सहित परिजन भी उसकी तलाश में हर संभव प्रयास कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार अभिषेक एनटीपीसी की तैयारी भी करना चाहते थे। आशंका जताई जा रही है कि वे 6 जून को दिल्ली में होने वाली परीक्षा में हिस्सा लेने के लिए बिना बताए कैंप से निकल गए। मगर इस बारे में उसके भाई अंकुर शर्मा ने बताया कि इसको लेकर उनकी अपने खास दोस्तों से भी बात होती रहती थी। मगर अभिषेक ने उनसे कहा था कि नौकरी के चलते उन्हें परीक्षा की तैयारी करने का समय नहीं मिल पाता। इसलिए वो दो तीन साल का गैप लेंगे और ट्रांसफर या अन्य स्थान पर पोस्टिंग होने के बाद परीक्षा की तैयारी करेंगे। 6 जून को होने वाली परीक्षा को लेकर न ही उन्होंने कोई तैयारी की थी और न ही उन्होंने इस साल परीक्षा देने का मन बनाया था। अगर ऐसा कुछ होता तो वो अपने दोस्तों को जरूर बताते। अंकुर ने बताया कि अभिषेक की काल डिटेल से ही कुछ जानकारी हासिल हो सकती है। इसलिए काल डिटेल से उनके लापता होने से पहले किन-किन लोगों सं संपर्क किया उनसे मदद मिल सकती है।
अभिषेक शर्मा को सीआरपीएफ में भर्ती हुए अभी एक साल ही हुआ है। उन्होंने 15 जून को परिजनों से छुट्टी पर आने की बात कही थी, लेकिन कार्यालय में छुट्टी को लेकर लापता होने से किसी भी तरह की अर्जी दाखिल नहीं की थी। वहीं, पुलिस की मानें तो तलाश अभी जारी है।
फोटो सहित