कटड़ा। धर्मनगरी में रविवार को हाफ मैराथन का आयोजन द सीजन प्ले संस्था ने किया। इसमें 21 किमी, 10 किमी और पांच किमी की दौड़ कराई गई। दौड़ का शुभारंभ श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अतिरिक्त सीईओ नवनीत सिंह ने एसडीपीओ कुलजीत सिंह, संयोग कटोच, आदि के साथ हरी झंडी दिखाकर किया।
मैराथन सुबह साढ़े छह बजे शुरू हुआ। 21 किमी के मैराथन में करीब तीन सौ प्रतियोगियों ने हिस्सा लिया। श्राइन बोर्ड के स्पोर्ट्स स्टेडियम से शुरू हुई यह दौड़ ककड़ियाल स्थित श्राइन बोर्ड के नारायणा अस्पताल के प्रवेश द्वार संपन्न हुई। इसी तरह दो सौ प्रतियोगियों ने 10 किमी की दौड़ स्टेडियम से आरंभ की। इसका समापन श्री माता वैष्णो देवी रेलवे स्टेशन के समीप नंगल गांव से वापस आकर स्टेडियम में ही हुआ।
वहीं, सौ प्रतियोगी पांच किमी दौड़ में शामिल हुए, जिन्होंने स्पोर्ट्स स्टेडियम से शुरू होकर रेलवे स्टेशन से वापस स्टेडियम तक दौड़ लगाई। मौके पर श्राइन बोर्ड के अतिरिक्त सीईओ ने कहा कि ऐसे महत्वपूर्ण आयोजनों से युवाओं का खेलों के प्रति रुझान बढ़ता है, और युवा नशे की बजाय खेलों की ओर आकर्षित होते हैं। इसलिए, ऐसे आयोजन लगातार होते रहने चाहिए।
-----
पुरुषों में रितिक और महिलाओं में मनमिंद्र रहीं विजेता
21 किमी की दौड़ में पुरुष वर्ग में रितिक शर्मा ने पहला, निशू कुमार ने दूसरा और अंकुर कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, महिला वर्ग में मनमिंद्र कौर ने पहला स्थान पाया। 10 किमी की दौड़ में पुरुष वर्ग में मनीष चौधरी ने पहले, राघव शर्मा ने दूसरे और पंकज कुमार ने तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, महिला वर्ग में ज्योति ने पहला, अंजलि ने दूसरा और सोनिया ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में जम्मू कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, केरल, महाराष्ट्र और दिल्ली के करीब छह सौ प्रतियोगियों ने भाग लिया।
मैराथन प्रतियोगियों को हरी झंड़ी दिखते मुख्य अतिथि व दौड़ लगाते हुए प्रतियोगिता- फोटो : KATRA
मैराथन प्रतियोगियों को हरी झंड़ी दिखते मुख्य अतिथि व दौड़ लगाते हुए प्रतियोगिता- फोटो : KATRA