हाफ मैराथन में भाग लेते प्रतिभागी। संवाद
हाफ मैराथन से फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाई, सामुदायिक एकता और पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। आध्यात्मिक नगरी कटड़ा में रविवार को श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय (एसएमवीडीयू) हाफ मैराथन के चौथे संस्करण का आयोजन किया गया। इसमें 1100 से अधिक धावकों ने भाग लिया, जबकि 3500 से ज्यादा दर्शकों, स्वयंसेवकों और स्थानीय निवासियों ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दिया। कार्यक्रम ने न केवल फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाई, बल्कि सामुदायिक एकता और पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया।
मैराथन का शुभारंभ श्री माता वैष्णो देवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक बलदेव राज शर्मा ने किया। इस बार की हाफ मैराथन का मार्ग त्रिकुटा पर्वत की तलहटी से होकर गुजरा, जो प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर होने के साथ-साथ धावकों के लिए एक चुनौती भी था। विभिन्न श्रेणियों की दौड़ प्रतियोगिताएं कराई गईं, जिनमें पेशेवर धावकों के साथ-साथ फिटनेस के प्रति उत्साही लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि स्थानीय स्कूलों के बच्चों और निवासियों ने सड़क किनारे खड़े होकर फूल बरसाकर और तालियों से धावकों का हौसला बढ़ाया। इससे पूरे माहौल में एक अद्भुत ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ। इस मौके पर श्राइन बोर्ड के डिप्टी सीईओ आलोक कुमार मौर्य, सहायक मुख्य कार्यकारी अधिकारी ध्रुव गुप्ता और सहायक वन संरक्षक विनय खजूरिया भी मौजूद रहे।