उधमपुर। सीईओ कार्यालय परिसर के कांफ्रेंस हाल में डायरेक्टर ऑफ स्कूल एजूकेशन जम्मू की तरफ से प्रथम एजूकेशन फाउंडेशन के सहयोग से सरकारी शिक्षकों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य 6वीं से 8वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को नई शिक्षा नीति के तहत नई तकनीक के साथ पढ़ाने के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षित करना था।
प्रथम फाउंडेशन के सदस्य संजय कुमार ने बताया कि इस प्रशिक्षण में जोन उधमपुर के शिक्षकों को शामिल किया गया था। उन्होंने कहा कि स्कूल शिक्षा निदेशक जम्मू की तरफ से हमारी दुनिया नामक एक प्रोग्राम शुरू किया गया है और इन शिक्षकों को इसी प्रोग्राम के तहत विद्यार्थियों को शिक्षा देने के लिए ट्रेनिंग दी जा रही है। इसका उद्देश्य यह है कि जो हमारे विद्यार्थी है कि अपने आसपास की भौतिक चीजों को अच्छे से समझते हुए इन्हें अपने पाठ्यक्रम के साथ तालमेल बनाते हुए नए प्रोजेक्ट्स तैयार करें, जिनमें वन संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण इत्यादि पर नए विचार लाना इत्यादि भी शामिल है। उन्होंने कहा कि पहले हमने जिला स्तर पर मास्टर ट्रेनर को इसके लिए ट्रेनिंग दी है और अब जोनल स्तर पर शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्होंने यह पूरा कोर्स ज्यादातर प्रैक्टिकल गतिविधियों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों में वैज्ञानिक सोच को भी बढ़ावा मिल रहा है। संवाद