उधमपुर। तीन दिन तक जारी रहे कोरोना कर्फ्यू की पाबंदियों के बाद सोमवार को खुल रहे बाजारों में नियमों को लेकर जिला प्रशासन की ओर से दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही चेतावनी भी दी गई है कि कोई भी इन दिशानिर्देशों का उल्लघंन करता पाया गया तो उसकी दुकान सील कर दी जाएगी। रविवार को जारी ओदश में सोमवार को खुलने वाली दुकानों की सूची और समय सारणी स्पष्ट जारी की है। इसके तहत सोमवार को जिले में दूध की दुकानें सुबह 6 से 10 बजे तक ही खुलेंगी। सब्जी और फ्रूट मंडी सुबह 5 बजे से सुबह 9 बजे तक खुलेगी। सब्जी और फ्रूट की दुकानें सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक खुलेंगी। ग्रॉसरी व किराना की दुकानें सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक खुलेंगी, जो केवल सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को खुलेंगी। अन्य सभी दुकानें पहले से निर्धारित रोस्टर वाइज ही खुलेंगी। सामान लाने व ले जाने वाले ट्रांसपोर्टरों के पास आरटीपीसीआर टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट होना लाजमी है।