घोरडी मार्ग की खस्ता हालत को लेकर बुधवार को लंगा गांव में जम्मू कश्मीर नेशनल कांफ्रेंस द्वारा स्थानीय लोगों के मिलकर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारी रोड की हालत सुधारने और रूट पर मेटाडोरों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रहे थे।
इस अवसर पर प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे गोविंद चलोत्रा ने बताया कि बरमीन मार्ग पर कुछ दिन पहले एक बड़ा सड़क हादसा हुआ था और यह मार्ग की खस्ता हालत के कारण ही हुआ था। उनका कहना था कि इस मार्ग की जल्द से जल्द दशा सुधारी जाए तथा मार्ग पर अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था की जाए ताकि ओवरलोडिंग पर अंकुश लग सके।
चलोत्रा कहना था कि लिंक मार्गों में ओवरलोडिंग होने का मुख्य कारण इन क्षेत्रों में वाहनों की कमी है, जिसे जल्द से जल्द दूर किया जाना चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि जब तक घोरडी मार्ग का कार्य आरंभ नहीं होता, तब तक इस मार्ग पर बने गड्ढों को भरा जाए ताकि वाहनों को किसी प्रकार की दिक्कत न आए।
उन्होंने सरकार तथा जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो नेकां कार्यकर्ता राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर देंगे। इस अवसर पर सुशील कुमार, फारूक अहमद, विजय कुमार, संजय कुमार, चैन सिंह, अजय कुमार, किशोर आदि मौजूद थे।