जिले के भागवा तहसील के गडान गादी के गलियान गांव में सोमवार को आधी रात के बाद एक कच्चे घर में भीषण आग लगने से परिवार के चार सदस्यों की मौत के मामले में पुलिस ने गांव के ही चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। बताया जाता है कि सभी पड़ोस में ही रहते हैं।
एसएसपी जाहिद मन्हास का कहना है कि जांच सही दिशा में चल रही है। पकड़े गए चारों लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही सच्चाई सामने आ जाएगी। पुलिस द्वारा पकड़े गए लोगों में पति-पत्नी समेत दो अन्य शामिल हैं। सभी को पूछताछ के लिए डोडा पुलिस थाने में लाया गया है।
सूत्रों का कहना है कि पकड़े गए लोगों और मृतकों के परिवार के बीच किसी कारण दुश्मनी चल रही थी। दोनों पक्षों में पहले कई बार झगड़ा हो चुका था।
मृतक अब्दुल रशीद के पुत्र ने मंगलवार को ही इस बात पर जोर दिया था कि उनके परिवार के लोग जले नहीं, बल्कि उन्हें जलाकर मार दिया गया है। उसका यह भी कहना था कि वह जलाने वालों को जानता भी है।
गौरतलब है कि आग में परिवार के चार सदस्यों की जलकर मौत हो गई थी। राख के ढेर में तब्दील घर से चार कंकाल बन चुके शवों को निकाला गया था।
मृतकों में अब्दुल रशीद और उसकी पत्नी फाता बेगम, उनके बेटे निसार अहमद की पत्नी मुदीना बेगम और उसकी सात माह की बच्ची शामिल थी। इनके अलावा 3 गाय, 4 बैल और 13 भेड़-बकरियां भी झुलस गई थीं। बेटा निसार डोडा में काम करता है। इस वजह से वह बच गया।