किश्तवाड़। भगोड़े के खिलाफ अपना अभियान जारी रखते हुए किश्तवाड़ पुलिस ने एक अन्य फरार पूर्व आतंकी को गिरफ्तार किया है, जो पिछले 15 वर्षों से गिरफ्तारी से बच रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलाम हसन पुत्र लस्सा चोपन निवासी पहलगाम सिगदी तहसील मुगल मैदान किश्तवाड़ के रूप में हुई है, जो कि थाना छात्रू में दर्ज एफआईआर 17/2006 यू/धारा 302/364 आरपीसी 4/25 आईए अधिनियम के मामले में वांछित था।
विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी और इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना छात्रू की विशेष टीम का गठन किया गया था। थाना प्रभारी इंसपेक्टर संदीप परिहार के नेतृत्व में एसडीपीओ हेडक्वार्टर देविंदर सिंह बंदराल की टीम ने संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी किश्तवाड़ शफ़क़त हुसैन भट्ट ने पुलिस पार्टी की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जो लोग जितने भी पुराने मामलों में वांछित हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।