उधमपुर। हाइवे पर लंगर में परोसे जा रहे खाने की जांच करती खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम। संवाद
उधमपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से अन्य संबंधित विभागों की टीम के साथ वीरवार को कई स्थानों का निरीक्षण किया गया। इसमें खानपान की दुकानों सहित श्री अमरनाथ यात्रियों के लिए लगाए गए लंगरों की भी जांच की गई और कई सैंपल भी जांच के लिए जमा किए गए।
मौजूदा समय में चल रही श्री अमरनाथ यात्रा और श्रावण मास के चलते खानपान में लापरवाही के कारण उत्पन्न होने वाली बीमारियाें से बचाव के चलते खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा किया। खासकर श्री अमरनाथ यात्रियों के लिए हाइवे किनारे लगाए गए विभिन्न लंगरों की भी जांच की गई। दुकानदारों सहित लंगर संचालकों को साफ सफाई का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी गई और खाद्य सामग्री में गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखने के सख्त निर्देश दिए गए। इस दौरान टीम ने कुछ सैंपल भी जमा किए और उन्हें जांच के लिए भेज दिया।
जिला फूड सेफ्टी आफिसर परवेज आफिसर ने बताया कि श्री अमरनाथ यात्रा के साथ-साथ श्रावण माह के चलते खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता और साफ सफाई का विशेष ध्यान रखने के लिए निरीक्षण किया जा रहा है। अभी तक किसी तरह की शिकायत देखने को नहीं मिली है और सभी को साफ सफाई एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
संवाद