रामबन में सिंधु दर्शन महोत्सव की धूम, सूफी गायक मानक अली ने किया खूब मनोरंजन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामबन। जम्मू-कश्मीर कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी और नॉर्थ जोन कल्चरल सेंटर, पटियाला के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को जिला पुलिस लाइन रामबन में सांस्कृतिक यात्रा-सिंधु दर्शन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस महोत्सव में देश की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक विरासत की एक मनमोहक झलक देखने को मिली।
उपायुक्त रामबन मोहम्मद इलियास खान ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत की और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के जरिए राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने के लिए आयोजकों की सराहना की। एनजेडसीसी पटियाला के सहायक निदेशक रविंदर शर्मा ने भी विचार व्यक्त किए।महोत्सव में मणिपुर के लैरूहबा, गुजरात के डांडिया रास, महाराष्ट्र के गोंधल, जम्मू-कश्मीर के डोगरी लोक नृत्य, ओडिशा के गोटी पुआ, राजस्थान के कालबेलिया और पंजाब के भांगड़ा जैसे सात राज्यों के आकर्षक लोक नृत्यों का प्रदर्शन किया गया।
इसके साथ ही प्रसिद्ध लोक एवं सूफी गायक मानक अली ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त वरुणजीत सिंह चरक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुजीब-उर-रहमान सहित जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।