उधमपुर। जिले के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक रहा। डिप्टी कमिश्नर सलोनी राय ने डीआईजी उधमपुर-रियासी रेंज, रईस मोहम्मद भट के साथ मिलकर यहां सामुदायिक रेडियो स्टेशन उधमपुर 89.2 एफएम दिल की आवाज का उद्घाटन किया।
इसके उपरांत डीसी ने उधमपुर के लोगों को हार्दिक बधाई दी। कहा कि यह जिले के लिए एक गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण है। यह सामुदायिक रेडियो स्टेशन हमारी समृद्ध स्थानीय विरासत का जश्न मनाने, लोगों की आवाज को बढ़ाने और स्थानीय कलाकारों, कहानीकारों की प्रेरक कहानियों को सामने लाने के लिए एक मंच के रूप में काम करेगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि रेडियो स्टेशन न केवल मनोरंजन करेगा बल्कि स्थानीय लोगों को अभिव्यक्ति का एक जीवंत और समावेशी माध्यम प्रदान कर उन्हें सूचित, शिक्षित और सशक्त भी करेगा। उन्होंने उधमपुर के नागरिकों से अपनी कहानियां, सपने और आकांक्षाएं साझा कर इस मूल्यवान मंच का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया।