किश्तवाड़। जिले में कोरोना का कहर थमता नजर नहीं आ रहा है। शहर के अलावा अब ग्रामीण इलाकों में भी कोरोना ने कहर मचा रखा है। मंगलवार को पलमाड़ इलाके के पांच गांवों में तीन दर्जन ग्रामीणों के संक्रमित मिलने पर के बाद रेड जोन घोषित किया गया है। जिला प्रशासन की ओर से स्वास्थ्य विभाग की टीमें भेजी गई हैं। इस दौरान 200 के करीब लोगों के टेस्टे किए जाएंगे।
चार दिन पहले पलमाड़ इलाके में कोरोना संक्रमण के मामले मिले थे। जिसके बाद संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों के टेस्ट किए गए थे, जिनमें करीब तीन दर्जन मामले सामने आने की सूचना है। वहां पर शादी समारोह में काफी लोग शामिल हुए थे, जो संक्रमित के संपर्क में आने से पॉजिटिव पाए गए हैं। स्थिति को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट अशोक कुमार शर्मा ने मामलों की पुष्टि की है। वहीं, बताया कि इन इलाकों को रेड जोन घोषित कर दिया है।
कोविड टेस्टिंग के लिए टीमें इलाके में भेज दी गई हैं। रेड जोन इलाकों में सुजना, सोनाभती, चिवड़, लोअर राजना और पतिमहाल का कुछ हिस्सा शामिल है। यहां पर जिला प्रशासन ने कड़ी पाबंदियां लगा दी हैं। आदेश के मुताबिक सुजना में खुश मोहम्मद के मकान से राशिद अहमद के मकान तक, सोनाभती में झांबर सिंह के मकान से रोशन लाल के मकान तक, चिवड़ में विजय कुमार के मकान से सुभाष परिहार के मकान तक, लोअर राजना में जनक सिंह के मकान से मुख्य मार्ग तक और इसी प्रकार पतिमहाल में मुश्ताक अहमद के मकान से सईद अलताफ हुसैन के मकान तक का क्षेत्र इलाका शामिल है। इस इलाके के करीब 200 लोगों के टेस्ट करवाए जाएंगे। जिला मजिस्ट्रेट ने यह आदेश जारी कर लोगों से घरों से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी है।