रामबन। रामबन जिले के राजगढ़ और खारी तहसीलों में दो अलग-अलग आग की घटनाओं में तीन रिहायशी मकान जल गए।
रामबन जिले के राजगढ़ तहसील के दूरदराज के गांव थाथा में मंगलवार दोपहर लगी भीषण आग में दो मंजिला रिहायशी मकान जल गए। इनमें चार परिवार एक साथ रह रहे थे। इस आग की घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मंगलवार दोपहर को राजगढ़ के थाथा इलाके के वार्ड नंबर चार में जावेद इकबाल गनई के दो मंजिला रिहायशी मकान में आग लग गई। उन्होंने बताया कि तेज हवा के कारण आग तेजी से फैली और मोहम्मद अमीन गनई के एक अन्य दो मंजिला आवासीय मकान को भी इसने अपनी चपेट में ले लिया। थाथा पंचायत के पूर्व सरपंच गुलाम नबी भट ने बताया कि तेज हवा के कारण आग तेजी से फैली और दोनों आवासीय मकान जलकर खाक हो गए। उन्होंने बताया कि राजगढ़ के दूरदराज के गांव थाथा में सड़क संपर्क न होने के कारण दमकल की गाड़ियां नहीं बुलाई जा सकीं।
सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था।
डोडा के काश्तीगढ़ पुलिस चौकी के पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस आग की घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। इस आग की घटना में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई। रामबन जिले की खारी तहसील के मंजूस इलाके में एक अन्य आग की घटना में एक दो मंजिला आवासीय मकान में आग लग गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मंजूस खारी निवासी अब्दुल कयूम नाइक के दो मंजिला मकान में आग लग गई।