चिनैनी। चिनैनी के नगुलता गांव में रविवार को दो मंजिला एक मकान में अचानक आग लग गई, जिससे सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों तथा दमकल विभाग की मदद से आग पर काबू पाया जा सका।
स्थानीय पूर्व सरपंच पवन कुमार शर्मा ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द मुआवजा देने की मांग उठाई है। मकान मालिक मोहन सिंह ने बताया कि वह घर से किसी काम के लिए गांव से थोड़ी ही दूर गए थे। भाई के बेटे की शादी के चलते घर में रंग-रोगन का काम चल रहा था कि अचानक आग की लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते आग ने विराट रूप धारण कर लिया।
स्थानीय लोगों ने आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत की। कुछ ही देर बाद दमकल कर्मी भी मौके पर पहुंचे गए। आग में मकान के अंदर पड़ा सब सामान जलकर राख हो गया। उन्होंने बताया कि उनका 20 लाख से ज्यादा का नुकसान हुआ है। गहने तथा अन्य सामान आग की भेंट चढ़ गया। संवाद