उधमपुर: दिवाली की रात में आग लगने से सामान जलकर हुआ राख.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। शहर के शिवनगर मोहल्ले में सोमवार रात को आतिशबाजी के दौरान दुपहिया वाहन के स्टोर में आग लग गई। आग की चपेट में कुछ पुराने वाहन आए। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल और पुलिस को सूचित किया। दमकल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। हालांकि, कबाड़ में रखा सामान जल गया। इसके साथ कुछ दुपहिया वाहन भी जल गए। आग लगने का कारण आतिशबाजी बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार रात करीब नौ बजे शिवनगर में लोग आतिशबाजी कर रहे थे। इसी बीच वेदांता मोटर्स के शोरूम के कबाड़ में आग लग गई। जब आग भड़की तो लोगों को इसका पता चला और तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचित किया। जानकारी मिलने के कुछ समय के बाद पुलिस और दमकल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। कबाड़ में आग बहुत ज्यादा भड़क गई थी। इस पर काबू पाने में करीब डेढ़ घंटा लगा। हालांकि, दमकल ने आग को शोरूम के अंदर नहीं पहुंचने दिया।
इस हादसे में कोई घायल भी नहीं हुआ है। जब दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया तो पता चला कि एक पुरानी स्कूटी को नुकसान पहुंचा है, और मरम्मत के लिए लाए गए कुछ वाहनों को नुकसान हुआ है। आग लगने की जानकारी मिलने पर व्यापार मंडल की टीम भी मौके पर पहुंच गई। दमकल विभाग का कहना था कि आतिशबाजी के दौरान शायद कोई रॉकेट कबाड़ पर गिरा होगा, और आग लग गई होगी।
उधमपुर: दिवाली की रात में आग लगने से सामान जलकर हुआ राख.- फोटो : UDHAMPUR