दो अलग-अलग जगहों पर आग लगने से कसबे में अफरातफरी मच गई। पहले हादसे में एक पशुशाला में शार्ट सर्किट से आग लगी, जिससे करीब एक दर्जन पशु झुलस गए। दूसरे हादसे में चिनैनी में एक कबाड़ी की दुकान में अचानक आग लगने से अंदर पड़ा सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के मुताबिक कुद स्वामी बाबली निवासी अशोक कुमार व करतार चंद की पशुशाला में वीरवार की रात को अचानक आग लग गई, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से सबसे पहले आग बुझाने का काम किया गया।
घंटों मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक पशुशाला में बंधे तीन बैल, तीन गाय, छह बकरियां, तीन भेड़े और बिल्ली आग से झुलस र्गइं। इस दौरान पशुशाला के साथ कमरे में भी आग से घर का फर्नीचर व अन्य सामान जलकर राख हो गया। वहीं शुक्रवार की सुबह चिनैनी में एक कबाड़ी की दुकान में अचानक आग लग गई।
दुकान मालिक अशोक कुमार ने बताया कि सुबह साढे़ आठ बजे आग लगने से हजारों का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने का कारण नहीं पता लग पाया है।
आग पर काबू चिनैनी फायर ब्रिगेड व स्थानीय लोगों की मदद से पाया गया। लेकिन तब तक पूरा सामान राख हो चुक था। उधर लोगों ने मांग उठाई कि पीड़ितों को नुकसान का मुआवजा दिया जाए।