किश्तवाड़। गणतंत्र दिवस के आयोजन को लेकर किश्तवाड़ जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। सोमवार को अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त (एडीडीसी) विनोद कुमार बेहनल ने डीसी कार्यालय परिसर के कॉन्फ्रेंस हॉल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य समारोह की तैयारियों की समीक्षा करना और जिम्मेदारियां तय करना था।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला स्तर पर मुख्य समारोह मौसम की स्थिति के अनुसार चौगान किश्तवाड़ या मिनी सचिवालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, उपमंडल, ब्लॉक और तहसील स्तर पर भी स्थानीय स्तर पर भव्य समारोह आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम की शुरुआत परंपरा के अनुसार शहनाई वादन के साथ होगी।
एडीडीसी ने सभी लाइन विभागों के विभागाध्यक्षों को सख्त निर्देश दिए कि वे अपने स्टाफ सहित जिला मुख्यालय और अन्य प्रशासनिक स्तरों पर होने वाले कार्यक्रमों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। उन्होंने ध्वजारोहण, मार्च-पास्ट की सलामी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति और बैठक व्यवस्था जैसे विभिन्न पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की।
पुलिस विभाग को पूरे जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए ताकि आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। साथ ही, संबंधित विभागों को निर्बाध बिजली और पेयजल आपूर्ति, चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता, स्वच्छता अभियान, सरकारी भवनों की सजावट (लाइटिंग), अग्निशमन वाहनों की तैनाती और सुचारू यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में अपर उपायुक्त पवन कोतवाल, सीईओ केडीए किश्तवाड़ कैसर भवानी, एसीआर इदरीस लोन, एसीडी मनोज कुमार, एसीपी नीरज शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी किश्तवाड़ तारिक परवेज काजीए डीएफओ किश्तवाड़ महेश ठाकुर, सीएचओ किश्तवाड़ साजिद मुस्तफा, डीवाईएसएसओ किश्तवाड़, तहसीलदार, पूर्व अभियंता, अन्य जिला अधिकारी, सीआरपीएफ के अधिकारी, विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों एवं विद्युत परियोजनाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।