जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बट्टलवालियां क्षेत्र में हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बट्टलवालियां क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार पिता व पुत्र घायल हो गए। हादसे का पता चलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को जीएमसी पहुंचाया, जहां पिता ने दम तोड़ दिया, जबकि बेटे की हालत गंभीर थी।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बट्टलवालियां में उधमपुर से गरनई की ओर जा रहे मोटरसाइकिल जेके14एच- 8416 को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। अफरातफरी के माहौल के बीच घटनास्थल पर पहुंचे लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। मृतक की पहचान रणबीर सिंह (42) पुत्र अंग्रेज सिंह के रूप में हुई है, जबकि उपचाराधीन मृतक के बेटे की पहचान अंकुश जम्वाल (20) निवासी गरनई, उधमपुर के रूप में की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।