उधमपुर। 1971 में भारत-पाक युद्ध के स्वर्णिम जयंती के उपलक्ष्य पर पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने बुधवार को नगर परिषद के पार्षदों, चेयरमैन व युवाओं के साथ श्रद्धांजलि स्थल और मेजर नारायण सिंह चौक पर सफाई अभियान चलाया। वीरवार को आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर दोनों स्थानों को अच्छी तरह से चमकाया गया। साथ ही शहरवासियों को स्वच्छता का संदेश भी किया।
दोपहर करीब 12 बजे पूर्व सैनिक सेवा परिषद के प्रधान सेवानिवृत्त मेजर उमाकांत के नेतृत्व में नगर परिषद के पार्षदों, चेयरमैन डा. जोगेश्वर गुप्ता और युवाओं ने सफाई अभियान की शुरूआत की। इसके बाद श्रद्धांजलि स्थल के आसपास व अंदर जमा गंदगी को हटाया गया और कार्यक्रम के लिए पूरी तरह से तैयार किया गया। इसी तरह से मेजर नारायण चौक की भी अच्छी तरह से सफाई की गई। मेजर उमाकांत ने बताया कि भारत की जीत स्वर्णिम जयंती है और इसको बहुत ही धूमधाम के साथ मनाया जाना है। उन्होंने बताया कि इस युद्ध में जम्मू-कश्मीर से भी कई जवानों ने शहादत दी थी और जिला उधमपुर से ही कुल 21 जवान युद्ध में शहीद हुए थे। श्रद्धांजलि स्थल पर इन जवानों के नाम लिखे गए हैं। वीरवार को इस स्थान पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शहरवासियों के साथ स्कूल के विद्यार्थी भी हिस्सा लेंगे। विद्यार्थी कई तरह के देशभक्ति से प्रेरित कार्यक्रम पेश करेंगे। नगर परिषद के चेयरमैन व पार्षदों ने शहरवासियों को अपने घर व आसपास सफाई रखने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर पार्षद जगदीश कुमार, पार्षद समनीक भसीन व अन्य मौजूद थे।