उधमपुर। शहर के साथ लगते इंडस्ट्रियल एस्टेट इलाके में मंगलवार दोपहर को पुलिस ने अवैध रूप से तैयार किए गए खोखे गिरा कर कार्रवाई की। वहीं जब स्थानीय निवासियों को इसका पता चला तो लोगों ने नगर परिषद के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कार्रवाई करने से पहले नगर परिषद को नोटिस जारी कर चेतावनी देनी चाहिए थी।
जानकारी अनुसार दोपहर करीब एक बजे नगर परिषद की टीम इंडस्ट्रियल एस्टेट इलाके में पहुंची और जेसीबी की मदद से खोखे गिराने का काम शुरू कर दिया। एक एक कर सभी खोखे गिरा दिए गए। वहीं मौके पर मौजूद नगर परिषद के अधिकारियों का कहना था कि कुछ लोगों ने धार रोड के किनारे पर अवैध रूप से खोखे तैयार कर अतिक्रमण किया है। इसको लेकर लोगों की तरफ से कई तरह की शिकायतें मिल रही थी। बहुत ज्यादा शिकायतें मिलने के बाद आज नगर परिषद की तरफ से कार्रवाई की गई है। शहर के अंदर किसी तरह का अतिक्रमण सहन नहीं किया जाएगा। जो भी अतिक्रमण करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जब स्थानीय निवासियों को इसका पता चला तो कुछ लोगों ने मौके पर पहुंच कर नगर परिषद के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थानीय निवासियों का कहना था कि नगर परिषद नियमों की अनदेखी कर कार्रवाई कर रहा है।
अगर नगर परिषद को लग रहा था कि गलत स्थान पर निर्माण किया गया है तो पहले इसके बारे में नोटिस जारी कर चेतावनी दी जानी चाहिए। नोटिस मिलने पर वह खुद ही अवैध निर्माण को हटा देते। लेकिन नगर परिषद ने नोटिस दिए बिना ही जेसीबी मौके पर भेज कर खोखे गिरा दिए। इससे पहले भी नगर परिषद ने इसी तरह से बिना नोटिस दिए बिना कार्रवाई की है। सभी नगर परिषद की कार्यप्रणाली की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं।