ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी के मामले बढ़े, अब तक लच्छीपुर, बसवाईं मोड़, पटेलनगर, शिवानगर में हो चुकी चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर की मुख्य सड़कों के किनारे लगे बिजली ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। अब तक शहर के पटेलनगर, लच्छीपुर, बसवाईं मोड़ और इससे पहले शिवानगर चोरी की घटनाएं सामने आ चुके हैं। इससे लोगों में भी रोष है।
पटेलनगर इलाके में 40 घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इलाके में इनवर्टर तक ठप हो गए। उधर, बिजली विभाग की शिकायत के बावजूद अब तक पुलिस ऐसे मामले से जुड़े किसी भी चोर को नहीं पकड़ पाई है। ताजा मामले में शहर के व्यस्त कॉलेज मार्ग पर पशुपालन विभाग के कार्यालय के स्थापित बिजली के चलते ट्रांसफार्मर से तेल को चोरी कर लिया। सुबह जब विभाग को मामले का पता चला तो पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई। उधर, बढ़ते तापमान के बीच लोगों के लिए दिन और रात दोनों ही बिना बिजली के गुजारना मुश्किल हुआ। बिजली गुल रहने का असर व्यापार पर भी पड़ा है।
-
कूलेंट का काम करता है ट्रांसफार्मर का तेल
ट्रांसफार्मर का तेल कूलेंट का काम करता है। इससे ट्रांसफार्मर पर बिजली का अधिक लोड पड़ने पर वह गर्म नहीं होता और जलता नहीं है। ट्रांसफार्मर से तेल निकालने के बाद बिजली सप्लाई बंद हो जाती है। विभाग के अनुसार तेल की चोरी से बिजली ट्रांसफार्मर के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसा होने पर विभाग को भारी नुकसान झेलना पड़ता है।
-
कोट
विभाग को तेल चोरी से एक लाख रुपये तक का नुकसान होता है। ताजा चोरी के मामलों के बाद बाकायदा पुलिस में भी शिकायत दर्ज करवाई गई है। इससे न सिर्फ लोगों की बल्कि विभाग की दिक्कतें भी बढ़ती हैं। पुलिस को मामले की तहकीकात करते हुए चोरी में संलिप्त लोगों को जल्द से जल्द पकड़ना चाहिए। लोगों को भी चाहिए कि यदि उन्हें कोई ऐसा करता दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
सुनील शर्मा, सहायक कार्यकारी अभियंता बिजली विभाग
.................