उधमपुर। शहर के कोर्ट रोड बाजार में क्षतिग्रस्त बिजली खंभे की वजह से लोग परेशान हो रहे हैं। राहगीरों के लिए भी यह हादसे का खतरा बना हुआ है। शहरवासियों का कहना है कि यह खंभा बिल्कुल टेढ़ा हो चुका है और गिरने की कगार पर है।
किसी वाहन की टक्कर लगने के बाद खंभा निचले हिस्से से क्षतिग्रस्त हो गया है और अब तारों के सहारे अटका हुआ है। इसलिए यह कभी भी हवा के साथ गिर सकता है। लेकिन इसके बावजूद बिजली विभाग इसपर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। स्थानीय सोमराज अत्री, सुरिंदर सिंह खालसा, सुरजीत सिंह व अन्य ने कहा कि हैरारी की बात है कि खंभा क्षतिग्रस्त हो चुका है। इस पर काफी संख्या में स्मार्ट मीटर टंगे हुए हैं।
ऐसे में अगर यह खंभा गिरता है तो बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद बिजली विभाग ने अभी तक इसकी मरम्मत को लेकर कोई कदम नहीं उठाया है। यह हादसे के लिए खुला न्योता है। विभाग की यह लापरवाही काफी चिंताजनक है। इसलिए उनकी मांग है कि जल्द से जल्द इस खंभे की मरम्मत कर राहत दिलाई जाए।
इस संदर्भ में विभाग के एई विश्वमित्र का कहना था कि मामला संज्ञान में आने के बाद क्षतिग्रस्त खंभे को बदलने का काम शुरू कर दिया गया है।