उधमपुर। जिले में आठ फरवरी को डीडीसी चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के चुनाव होंगे, जिसका जिला प्रशासन ने मंगलवार को एलान कर दिया है। वहीं, चुनाव को लेकर तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। उधमपुर में अनुसूचित जाति का चेयरमैन होगा और इसमें सबसे आगे उधमपुर-2 के डीडीसी सदस्य लाल चंद का नाम चल रहा है। वहीं, वाइस चेयरमैन का पद सामान्य श्रेणी या फिर महिला सदस्य को मिल सकता है। इसे लेकर अभी तक पार्टियों की तरफ से कोई एलान नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि दिसंबर में डीडीसी चुनाव के नतीजे घोषित किए थे और एक सप्ताह के बाद शपथ दिला दी गई थी। लेकिन अभी तक डीडीसी चेयरमैन के चयन नहीं हुआ था। प्रशासन ने शपथ समारोह के बाद 20 दिन के अंदर चुनाव करवाने की बात कही थी, लेकिन इसका इंतजार एक माह से भी अधिक समय से किया जा रहा है। आरक्षण रोस्टर के फाइनल होने के बाद जिला प्रशासन उधमपुर ने मंगलवार को आठ फरवरी को चुनाव करवाने का एलान कर दिया। इसके बाद भाजपा ने भी चेयरमैन व वाइस चेयरमैन के उम्मीदवार के चुनाव को लेकर प्रयास तेज कर दिए हैं। जिले में 14 में से 11 सीटों पर भाजपा ने कब्जा किया है। अनुसूचित जाति के तीन डीडीसी उधमपुर में है।
चेयरमैन पद के लिए सबसे आगे नाम उधमपुर-2 के डीडीसी लाल चंद का चल रहा है। हालांकि अभी तक भाजपा ने इसको लेकर मुहर नहीं लगाई है। वाइस चेयरमैन का पद सामान्य श्रेणी फिर महिला डीडीसी को मिल सकता है। वाइस चेयरमैन के लिए रामनगर के पूर्व विधायक की पत्नी जूही मन्हास का नाम आगे चल रहा है। सभी को अब भाजपा के हाई कमान की तरफ से उम्मीदवारों की सूची जारी करने का इंतजार है। दूसरी तरफ प्रशासन ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। चुनाव का आयोजन डीसी कार्यालय के कांफ्रेंस हाल में किया जाएगा।