व्यापार मंडल के चुनावों की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रत्याशी अपने पक्ष में वोट देने के लिए दुकानदारों के पास जाते दिखाई देने लगे हैं। चुनाव 16 नवंबर को टाउन हाल में होंगे। उसी दिन मतगणना होगी। पहले यह चुनाव 12 अक्टूबर को होना था, जो स्थगित हो गया था।
अब चुनाव की नई तारीख नजदीक आते ही प्रत्याशियों ने एक बार फिर से भागदौड़ तेज कर दी है। प्रत्याशी दुकानों पर जाकर संपर्क करने के अलावा पोस्टर, लाउड स्पीकर, सोशल साइट के जरिये दुकानदारों को रिझाने में लगे हैं। कुल चार पैनल चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव प्रचार में सुरेंद्र सिंह खालसा और विक्रम सिंह सलाथिया तेजी से जुटे हैं।
मोबाइल के जरिये भी प्रचार हो रहा। वहीं आटो पर लाउड स्पीकर के जरिये भी प्रत्याशियों द्वारा अपनी बात पहुंचाने की कोशिश जारी है। पोस्टर वार भी शुरू हो गई है। कमल अकाउंटेंट और जुगल किशोर का पैनल भी मैदान में है। चुनाव अधिकारी एडवोकेट शशि कुमार गुप्ता ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मतों के लिए बैलेट बाक्स का उपयोग किया जाएगा। मतदान के लिए मतदाता पत्र आदि की व्यवस्था कर दी गई है। वोटर लिस्ट भी तैयार हो गई है। कुछ लोगों के नामों में संशोधन किया गया है। बताया कि 16 नवंबर को व्यापार मंडल के चुनाव टाउन हाल में करवाए जाएंगे तथा वोटों की गिनती मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मतदान सुबह 10 बजे शुरू होगा, जो शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। शशि कुमार ने बताया कि मतदान सात अलग-अलग पदों प्रधान, वरिष्ठ उप प्रधान, उप प्रधान, महासचिव, सचिव, संयुक्त प्रचार सचिव एवं कोषाध्यक्ष के लिए सभी मतदाताओं को अलग-अलग मतदान करना होगा।