रियासी। एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की तरफ से लड़कियों के स्थानीय राजकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार को एक कार्यक्रम कर छात्राओं को प्राकृतिक आपदा से बचने के गुर सिखाए गए।
एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर बचन लाल, लाइजन ऑफिसर विनोद कुमार, सब इंस्पेक्टर राम पाल और एसडीआरएफ के इंस्ट्रक्टर कश्मीर सिंह ने छात्राओं को जागरूक किया। इस दौरान आग बुझाने के उपाय बताए गए। भूकंप आने पर यहां वहां भागने की बजाय सुरक्षित खुले स्थान पर खड़े रहने को कहा गया। भीड़भाड़ वाले या कम जगह वाले स्थान पर किसी कोने में जाकर खड़े रहने को कहा गया। बताया गया कि किसी प्रकार की सड़क दुर्घटना होने पर मौके पर उपस्थित व्यक्ति सबसे पहले घायल का बहता खून रोकने की कोशिश करे। इस मौके पर पट्टी नहीं मिलने पर कपड़ा भी बांधा जा सकता है। घायल को प्राथमिकता से क्या उपचार दें, इसकी जानकारी दी गई। इस मौके पर तहसीलदार सुरेश सिंह भी मौजूद थे।