रामनगर। खनेड में अनियंत्रित इको वैन करीब 20 फुट गहरी खाई में गिर गई जिससे चालक घायल हो गया। इको वैन (जेके 06 ए 3142) रविवार सुबह बसंतगढ़ से आ रही थी। जैसे ही वैन खनेड में पहुंची तो चालक पीछे करते समय अचानक नियंत्रण खो बैठा जिससे वैन खाई में गिर गई। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
ग्रामीणों की मदद से घायल चालक को खाई से बाहर निकाला गया और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बसंतगढ़ पहुंचाया गया जहां उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि चालक शफीक अहमद (27) निवासी बसंतगढ़ स्वस्थ है। स्थानीय पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र की सड़कों की स्थिति और सुरक्षा इंतजाम की कमी के चलते ऐसे हादसे अक्सर होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि खतरनाक मोड़ और ढलानों पर सुरक्षा के उचित प्रबंध किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।