कांग्रेस के जिला कार्यकारी अध्यक्ष से मिला शिष्टमंडल
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। शहर में लगातार बढ़ रही ई-रिक्शा की संख्या के बावजूद विभाग की ओर से कोई स्टैंड एवं चार्जिंग प्वांइट उपलब्ध न कराए जाने के विरोध चालकों ने धार रोड पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का शिष्टमंडल अपनी मांगों को लेकर जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सुमित मगोत्रा से भी मिला और उन्हें पेश आ रही समस्याओं से अवगत कराया।
चालकों ने शहर में जल्द से जल्द चार्जिंग प्वांइट स्थापित करने एवं ई-रिक्शा खड़े करने के लिए कोई उचित स्थान मुहैया कराने की मांग की। मंगलवार को ई-रिक्शा चालकों ने धार रोड पर एक कतार में वाहन खड़े कर प्रदर्शन किया। मगोत्रा ने बताया कि शहर के कई युवा रोजगार की खातिर लोन लेकर ई- रिक्शा चला रहे हैं। विभाग ने सरकारी योजना के तहत युवाओं को स्वरोजगार मुहैया कराने के उद्देश्य से किश्तों पर ई-रिक्शा मुहैया कराए गए हैं। लेकिन वाहनों को खड़े करने के लिए शहर में कोई भी स्थान उपलब्ध नहीं कराया गया है। चालकों का कहना है कि विभाग की ओर से उन्हें लगभग 6 माह पहले स्टैंड मुहैया कराने का आश्वासन दिया गया था और तब तक शहर में ऑटो घुमाते रहने को कहा गया था। ऐसे में तीन से चार घंटे का बैटरी बैकअप देने वाली ई रिक्शा को अगर हम शहर में घुमाते रहेंगे और फिर उसके बाद उसे चार्ज करने के लिए चार घंटे का ओर इंतजार करेंगे तो काम कब करेंगे। खासकर शहर में कोई भी चार्जिंग प्वांइट स्थापित नहीं किया गया है और न ही उन्हें वाहन लगाने के लिए कोई स्टैंड मुहैया कराया गया है। इससे उनको काफी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। ऑटो की किश्तें निकालना मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि अन्य ऑटो रिक्शा चालक उन्हें अपने स्टैंड पर वाहन लगाने नहीं देते और कई रूट्स पर उनके साथ बदसलूकी करते हैं। मगोत्रा ने प्रशासन से मांग की है कि ई-रिक्शा चालकों को शहर में वाहन लगाने के लिए उचित स्थान मुहैया कराए जाएं और चार्जिंग प्वांइट स्थापित किए जाए।