उधमपुर। नशामुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत पुलिस ने वीरवार को कूरियर दफ्तरों और कार्गो सेंटरों पर बड़े स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया। भरत नगर, सियाल सल्लां, राउंडोमैल, इंडस्ट्रियल एरिया और शिव नगर स्थित कूरियर दफ्तरों में एक साथ दबिश दी गई। टीमों के साथ स्निफर डॉग स्क्वाड भी मौजूद रहा।
डॉग स्क्वाड ने पार्सल, कंसाइनमेंट और दफ्तरों के आसपास के इलाकों की बारीकी से जांच की। जांच का उद्देश्य कुरियर सेवाओं के जरिये नशीले पदार्थों की तस्करी रोकना और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखना था। पुलिस ने कुरियर संचालकों को सख्त हिदायत दी है कि बिना वेरिफिकेशन कोई भी संदिग्ध पार्सल बुक न करें और तुरंत पुलिस को सूचना दें।