जांच में साबित हुआ कि आरोपी के पास निर्माण के लिए आय का स्थायी स्रोत नहीं था
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत रियासी पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नशीले पदार्थों के कारोबार से अर्जित की गई नशा तस्कर मोहम्मद रफी की 13.37 लाख की अवैध संपत्ति अटैच कर दी है।
यह कार्रवाई रियासी पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर के तहत की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी मोहम्मद रफी (निवासी खेरल) ने साल 2022 से 2024 के बीच खसरा संख्या 157 की जमीन पर दो कमरों का एक पक्का मकान बनवाया था। लोक निर्माण विभाग की ओर से इस मकान की कीमत 13.37 लाख रुपये आंकी गई है।
राजस्व विभाग की रिपोर्ट और पुलिस जांच में यह साबित हुआ कि आरोपी के पास इस संपत्ति के निर्माण के लिए आय का कोई वैध या स्थायी स्रोत नहीं था। नशे वाली दवाओं की कमाई से बनाए गए इस मकान को अब पुलिस ने पूरी तरह सील कर दिया है।