उधमपुर। नशा मुक्ति के संकल्प को लेकर शहर की सड़कों पर 27 अप्रैल को जनसैलाब उमड़ने वाला है। उप राज्यपाल मनोज सिन्हा की उपस्थिति में आयोजित होने वाली विशाल पदयात्रा के लिए जिला प्रशासन ने रूट और ट्रैफिक प्लान लागू किया है। इस दौरान शहर के भीतर वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। मुख्य बाजार और पदयात्रा मार्ग केवल प्रतिभागियों के लिए आरक्षित रहेंगे।
प्रशासनिक आदेश के अनुसार पदयात्रा के सुचारु संचालन के लिए शहर के प्रमुख रास्तों को जीरो ट्रैफिक जोनमें तब्दील कर दिया गया है। सुभाष स्टेडियम से जिला सचिवालय तक पूरे मार्ग पर निजी या व्यावसायिक वाहन को खड़े होने या आवाजाही की अनुमति नहीं दी गई है। ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कई स्थानों पर कड़े कट-ऑफ पॉइंट बनाए गए हैं।
ट्रैफिक को तीन तरह विभाजित कर नियंत्रित किया जा रहा है। मजालता, मानसर और रामनगर की ओर से आने वाले वाहनों को सलाथिया चौक, वीनस चौक और कृष्णा पैलेस (35 बीआरटीएफ) के पास बने विशेष नाकों पर ही रोक दिया जाएगा। यहां से आगे केवल पैदल यात्रियों को ही जाने की अनुमति है।
चिनैनी, लाटी और बर्मीन से आने वाले वाहनों के लिए जखैनी चौक को अंतिम पड़ाव बनाया गया है। यात्रियों को यहीं उतरकर वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े करने होंगे। इसी तरह जम्मू और कटड़ा की ओर से आने वाले यातायात को गरही-रेहंबल मार्ग की ओर मोड़ा गया है। फ्लट्टा-जखैनी बायपास मार्ग को कार्यक्रम की अवधि तक बंद रखा गया है।
पार्किंग के लिए निर्धारित स्थल
हजारों की संख्या में आने वाले प्रतिभागियों और स्कूली छात्रों के लिए प्रशासन ने जोन वार पार्किंग व्यवस्था की है। पंचैरी रेहंबल और गरही की ओर से आने वाले लोग न्यू बस स्टैंड के पास वाहन पार्क कर सकेंगे। मानसर और रामनगर से आने वाले आगंतुकों के लिए सलाथिया चौक, वीनस चौक और कृष्णा पैलेस के समीपवर्ती मैदानों को पार्किंग के लिए आरक्षित किया गया है। चिनैनी क्षेत्र के प्रतिभागियों के लिए जखैनी में पार्किंग स्थल है।
आपातकालीन सेवाओं के लिए यह रहेगा रूट
कड़े प्रतिबंध के बावजूद आपातकालीन सेवाओं के लिए प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाई है। सलाथिया चौक से गोल मार्केट होते हुए एमएच चौक तक का मार्ग विशेष रूप से एम्बुलेंस और आपातकालीन वाहनों के लिए खुला रखा गया है। ट्रैफिक विभाग ने सख्त हिदायत दी है कि धार रोड से दोमेल चौक तक किसी भी वाहन की पार्किंग नहीं होनी चाहिए अन्यथा कानूनी कार्रवाई के साथ वाहन को तुरंत जब्त कर लिया जाएगा।
सुबह सात बजे शुरू होगी पदयात्रा
नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित विशाल पदयात्रा सुबह सात बजे सुभाष स्टेडियम से शुरू होकर उपायुक्त कार्यालय तक जाएगी। कार्यक्रम में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा लोगों को नशे के खिलाफ एकजुट होने का संदेश देंगे। शिक्षा विभाग की ओर से चयनित विभिन्न स्कूलों के छात्र नशा विरोधी नारों के साथ मार्च करेंगे। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अभियान को सफल बनाने के लिए डायवर्जन प्लान का पालन करें और वैकल्पिक रास्तों का ही चयन करें।