फोरलेनिंग के काम में लगे चालक गिरीं पस्सियां हटाता बचाव दल
- फोटो : अमर उजाला
कसबे से जम्मू की ओर करीब तीन किलोमीटर दूर नेशनल हाईवे पर मेहाड़ में भारी मात्रा में पस्सियां आ गईं। इसके चलते तकरीबन दो घंटे यातायात ठप रहा। पस्सियों के बीच काम में लगी एक जेसीबी चालक समेत फंस गई। बचाव अभियान में उसे जख्मी हालत में निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बुधवार को तड़के से ही पूरे क्षेत्र में भारी बारिश का सिलसिला शुरू हो गया था। इसके चलते नेशनल हाईवे पर यातायात भी रुक-रुककर प्रभावित हुआ। जानकारी के अनुसार मेहाड़ क्षेत्र में नेशनल हाईवे को फोरलेनिंग करने का काम चल रहा है।
विभाग की मशीनरी काम में जुटी है। इसी दौरान शाम करीब छह बजे कार्य स्थल पर भारी मात्रा में पस्सियां गिर आईं। पस्सियों में एक जेसीबी भी दब गई। जेसीबी काम पर थी और इसका चालक श्रवण सिंह निवासी गुरदासपुर पंजाब केबिन में था। हादसा होते ही विभागीय अधिकारियों ने पुलिस को खबर दी। इसके बाद बचाव दल समेत एसडीआरएफ, पुलिस और सेना की टीम ने अभियान शुरू कर दिया।
एक घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी को निकाल लिया गया। मलबे में भारी मात्रा में पत्थर भी थे। पत्थर गिरने से जेसीबी की केबिन पर धंस गई। इसके चलते चालक जख्मी हो गया। उसे जिला अस्पताल रामबन में भर्ती कराया गया है। जेसीबी को निकालने के बाद हाईवे से मलबा हटाने के काम में तेजी लाई गई। ग्रेफ समेत अन्य मशीनरी ने रात करीब आठ तक मलबा हटा लिया।
अधिकारियों के अनुसार रात आठ बजे नेशनल हाईवे पर यातायात को सुचारु रूप से बहाल कर दिया गया। बताया जाता है कि भारी बारिश के चलते जिले में हाईवे पर कई स्थानों पर यातायात रुक-रुककर प्रभावित रहा।
गांगरू, पंथियाल, सेरी के पास हाईवे पर मलबा और पत्थर गिर आने से दोपहर एक बजे कुछ देर के यातायात बंद रहा। ग्रेफ की मशीनरी बारिश के दौरान भी काम में जुटी रही। हाईवे से मलबा हटाने के साथ ही वाहनों को निकाला जाता रहा।