फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udhampur News: डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सेवा तीन महीने से ठप, सभी 21 वार्डों में गंदगी के लग गए अंबार

विज्ञापन
विज्ञापन
उधमपुर। शहर की सफाई व्यवस्था इन दिनों टेंडर और अनुबंध की फाइलों में उलझकर रह गई है। तीन महीने से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सेवा ठप होने के कारण सभी 21 वार्डों में गंदगी के अंबार लग गए हैं। आलम यह है कि घर-घर से कचरा उठाने वाली गाड़ियां गलियों से नदारद हैं जिससे स्थानीय निवासी घरों का अपशिष्ट सड़कों और नालियों में फेंकने को मजबूर हैं।
विज्ञापन


नगर परिषद ने शहर को साफ रखने के लिए निजी कंपनी के माध्यम से घर-घर कचरा एकत्र करने की योजना शुरू की थी। इसके तहत घरों से 100 रुपये और दुकानों से 250 रुपये मासिक शुल्क लिया जाता था। पुराने अनुबंध की अवधि समाप्त होने से पहले ही सेवा प्रदाता कंपनी ने हाथ खींच लिए। पिछले 90 दिन से नई टेंडर प्रक्रिया पूरी न होने के कारण पूरी व्यवस्था चरमरा गई है। नगर परिषद के सफाई कर्मचारी सड़कों की सफाई तो कर रहे हैं लेकिन घरों से निकलने वाले कचरे का उचित निस्तारण न होने से कुछ ही घंटों बाद गंदगी फैल रही है।

गर्मी और दुर्गंध ने बढ़ाईं मुश्किलें
बढ़ते तापमान ने समस्या को और अधिक विकराल बना दिया है। सड़कों के किनारे पड़े कचरे के ढेरों से अब दुर्गंध आने लगी है। स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सेवा को बहाल नहीं किया गया तो मक्खियों और मच्छरों के कारण संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा पैदा हो जाएगा।
विज्ञापन


बीमारियां फैलने से पहले सेवा हो बहाल
गुरवचन सिंह का कहना है कि घरों से निकलने वाले कचरे को ठिकाने लगाना मुश्किल हो रहा है। गली-मोहल्लों की सफाई के बावजूद घरों का कूड़ा सड़क पर आ जाता है। कमल शर्मा के अनुसार तेज धूप के कारण कचरा सड़ रहा है। प्रशासन को चाहिए कि बीमारियों के फैलने से पहले सेवा बहाल करे। यशपाल शर्मा ने कहा कि नगर परिषद हर महीने शुल्क वसूलती है फिर भी तीन महीने से सेवा बंद है। लोग मजबूरन नजदीकी खाली जगहों पर कचरा फेंक रहे हैं। अंकित शर्मा का कहना है कि गर्मी शुरू होते ही बदबू ने जीना मुहाल कर दिया है। अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो समस्या विकराल हो जाएगी



15 दिन में समाधान का दावा

गंभीर मुद्दे पर नगर परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सद्दाम हुसैन ने बताया कि नई टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगले 15 दिनों के भीतर सभी औपचारिकताओं को पूरा कर सेवा को सुचारु रूप से बहाल कर दिया जाएगा। फिलहाल नगर परिषद अपने स्तर पर शिकायतों का निवारण करने का प्रयास कर रही है। साथ ही उन्होंने शहरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कचरे के सही प्रबंधन में मदद मांगी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें