चिकित्सकीय लापरवाही के आरोप में पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
डोडा। जम्मू-कश्मीर के डोडा में सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) में वीरवार को एक 16 वर्षीय किशोरी की मौत के बाद चिकित्सकीय लापरवाही के आरोप में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। मृतका का नाम सानिया बानो बताया गया है जो भलेसा निवासी थी।
जीएमसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तनवीर अहमद ने बताया कि सानिया की सुबह हाइड्रेटेड सिस्ट की सर्जरी हुई थी जो जटिल थी। उसके शरीर में कई सिस्ट मौजूद थे। सर्जरी के बाद मरीज को होश में लाते समय उसे इंट्यूबेट करना पड़ा क्योंकि वह शॉक में चली गई थी। उसे तुरंत श्रीनगर के एसकेआईएमएस अस्पताल रेफर किया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। डॉ. अहमद ने बताया कि मौत का कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा। उन्होंने कहा कि मरीज की सर्जरी वीरवार सुबह 11:30 बजे शुरू हुई थी। ठीक होने की प्रक्रिया में वह शॉक में चली गई।
विशेष जांच टीम गठित
तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपों पर प्राथमिकी दर्ज की। तहसीलदार की उपस्थिति में शव का पोस्टमार्टम किया गया। मौत के कारणों की जांच के लिए एक विशेष जांच टीम गठित की गई है। मामले की मजिस्ट्रेट जांच भी शुरू की गई है। अस्पताल प्रशासन ने सर्जरी प्रक्रिया और एनेस्थीसिया प्रबंधन की समीक्षा के लिए आंतरिक जांच शुरू की है।