उधमपुर। युवा कार्यक्रम के तहत जिला सलाहकार समिति की बैठक एडीसी मोहम्मद सैयद खान की अध्यक्षता में डीसी कार्यालय में हुई। नेहरू युवा केंद्र की ओर से आयोजित बैठक का मुख्य उद्देश्य जल शक्ति अभियान-2 और जल निकायों के संरक्षण और पुनर्जीवन की प्रगति कार्य पर चर्चा करना था। इस दौरान जल संरक्षण पर मिलकर काम करने पर जोर दिया गया।
जल शक्ति अभियान के नोडल अधिकारी एवं जल शक्ति सर्कल उधमपुर के एसई पीपी अरोड़ा ने विभाग के कदमों की जानकारी दी। बताया कि विभाग की ओर से रेन वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर्स और वाटर पर्कलेशन पिट्स का निर्माण किया गया है, ताकि बारिश के पानी को बरबाद होने से बचाया गया। नेहरू युवा केंद्र उधमपुर के जिला युवा अधिकारी खुशाल गुप्ता ने कैच द रेन अभियान की कार्य योजना पर चर्चा की। नेहरू युवा केंद्र की ओर से जल निकायों को साफ करने और संरक्षित करने के लिए गतिविधियों चलाई गई हैं। इसके तहत उधमपुर, नरसू, टिकरी, सयुना, पंचैरी, रामनगर, जगानू और घोरड़ी ब्लॉक के कुल 50 गांवों को चुना गया है। जहां राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों और युवा क्लबों द्वारा मेगा जागरूकता अभियान शुरू किया गया है।
इसके अतिरिक्त वेबिनार, क्विज प्रतियोगिताओं, पोस्टर मेकिंग, पेंटिंग प्रतियोगिताओं, नारा लेखन प्रतियोगिताओं, रैलियों और प्रभात फेरियों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। सभी अधिकारियों ने जल संरक्षण की प्रतिज्ञा भी ली गई। मुख्य अतिथि एडीसी ने स्वच्छ भारत समर इंटर्नशिप (एसबीएसआई 2.0) के विजेताओं अभिनव पराशर, अंबिका मगोत्रा और रोशन लाल को सम्मानित किया।